पॉश जंगपुरा में बुजुर्ग महिला का कत्ल! घर के अंदर खून से लथपथ मिली 70 वर्षीय प्रीति कुमारी
Pratham Jhalak News
••12 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
बेटी मां से मिलने पहुंची तो खुला मिला दरवाजा, अंदर का मंजर देख मची चीख‑पुकार; घर से सामान गायब, लूट के बाद हत्या की आशंका
प्रथम झलक | रोहताश दिल्ली
राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके जंगपुरा के पंतनगर में शुक्रवार को सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। घर में अकेली रहने वाली 70 वर्षीय सीनियर सिटीजन प्रीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उनका शव घर के अंदर बेड पर खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जानकारी में घर से सामान गायब मिलने के बाद लूटपाट के दौरान हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि प्रीति कुमारी की बड़ी बेटी शुक्रवार सुबह अपनी बेटी को संस्कृति स्कूल छोड़ने के बाद अपनी मां से मिलने पंतनगर पहुंची थी। घर पहुंचने पर उसने देखा कि मुख्य दरवाजा खुला हुआ था।
बेटी जैसे ही घर के अंदर दाखिल हुई, उसकी आंखों के सामने मां की खून से लथपथ हालत देखकर उसके होश उड़ गए। प्रीति कुमारी बेड पर पड़ी थीं और घर का सामान भी अस्त-व्यस्त था।
मृतका के दामाद ने बताया कि बेटी जब घर के अंदर पहुंची तो उसकी मां बेड पर लहूलुहान हालत में मिलीं। घर की स्थिति देखकर आशंका है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने लूटपाट भी की।
बताया जा रहा है कि प्रीति कुमारी घर में अकेली रहती थीं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर बदमाश घर में कैसे दाखिल हुए और उन्हें वारदात के लिए किस तरह निशाना बनाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हत्या की सही वजह और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसका पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जंगपुरा के पंतनगर जैसे पॉश इलाके में घर के अंदर बुजुर्ग महिला की हत्या की वारदात ने इलाके के लोगों को दहला दिया है। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लूटपाट, हत्या और घटनास्थल से मिले सुरागों को जोड़कर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। पुलिस की जांच पूरी होने और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
पंतनगर में बुजुर्ग महिला की हत्या ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है—अगर घर के अंदर अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला भी सुरक्षित नहीं हैं, तो राजधानी में सीनियर सिटीजन की सुरक्षा कितनी पुख्ता है?