झंडेवाला मंदिर के पास दो साल से फटी पाइपलाइन, रोजाना लाखों लीटर पानी बर्बाद होने का आरोप
Pratham Jhalak News
••3 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
यदि आम जनता द्वारा पानी की बर्बादी पर जुर्माने और कार्रवाई का प्रावधान है
अनीता गुलेरिया / नई दिल्ली। झंडेवाला मंदिर के पास स्थित डीडीए पार्क में पिछले करीब दो वर्षों से दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन फटी होने के कारण लगातार पानी बहने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन से हर दिन बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक पाइपलाइन से निकलने वाली जलधारा लगातार बहती रहती है। उनका कहना है कि एक ओर दिल्ली में कई इलाकों में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर सरकारी पाइपलाइन से लाखों लीटर पानी बर्बाद होने की स्थिति चिंताजनक है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
नागरिकों का सवाल है कि यदि आम जनता द्वारा पानी की बर्बादी पर जुर्माने और कार्रवाई का प्रावधान है, तो सरकारी व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार विभाग के खिलाफ भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उनका कहना है कि जल संरक्षण केवल जनता की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकारी विभागों की भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पाइपलाइन की मरम्मत के साथ यह भी जांच हो कि इतने लंबे समय से शिकायत और समस्या के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उनका कहना है कि सरकारी संसाधनों की बर्बादी सीधे तौर पर जनता के धन और प्राकृतिक संसाधनों का नुकसान है।
प्रथम झलक का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाना और संबंधित प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाना है। दिल्लीवासी अपने क्षेत्र की समस्याओं, सरकारी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों और जनहित के मुद्दों को प्रथम झलक के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा कर सकते हैं।
अब सवाल दिल्लीवासियों से है—क्या सरकारी प्रशासन की ऐसी अनदेखी पर जवाबदेही तय होनी चाहिए? अपने सुझाव और क्षेत्र की समस्याएं हमारे साथ साझा करें। प्रथम झलक आमजन की आवाज को जनआगाज देने के लिए लगातार प्रयासरत है।