चोरी हुई या कोई और मामला? ‘द लाइट हाउस’ के बाहर टूटा मिला लॉक, अंदर का सामान सुरक्षित
प्रथम झलक दीपक जैन
दिल्ली के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में शुमार चांदनी चौक के भागीरथ पैलेस में उस वक्त हलचल मच गई, जब ‘द लाइट हाउस’ दुकान के ताले टूटे मिले। ताले टूटे होने की खबर फैलते ही आसपास के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक दुकान 1584, एम.जे. बिल्डिंग, भागीरथ पैलेस में स्थित है और यहां फैंसी लाइट्स व विभिन्न प्रकार की लाइटिंग सामग्री का कारोबार होता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ताला टूटा मिला, लेकिन दुकान के अंदर रखा सामान सुरक्षित बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर दुकान का ताला किसने और क्यों तोड़ा?
घटना के बाद आसपास के दुकानदार भी सतर्क नजर आए। फिलहाल घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जाने के बाद ही पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
फिलहाल राहत की बात यही है कि दुकान में चोरी या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है। लेकिन भागीरथ पैलेस जैसे संवेदनशील कारोबारी इलाके में दुकान का ताला टूटना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।
अब नजर इस बात पर है कि सीसीटीवी फुटेज क्या राज खोलती है और आखिर टूटा ताला किस कहानी की ओर इशारा करता है?