नशा मुक्त भारत अभियान का सिल्वर जुबली वर्ष
यह आयोजन डॉ. सुनीता गोदारा द्वारा संचालित
नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी दिल्ली में फिटनेस और जन-जागरूकता से जुड़ा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। 1992 की एशियाई मैराथन चैंपियन और फिट इंडिया एम्बेसडर डॉ. सुनीता गोदारा के नेतृत्व में 'फिट इंडिया' और 'नशा मुक्त भारत अभियान' (NMBA) के तहत विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इस पहल के तहत दिल्ली स्केचर्स रन क्लब के सहयोग से शनिवार, 29 अगस्त को 'एक घंटा फिटनेस की खुराक' अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद 30 अगस्त (रविवार) को जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में नागरिकों, युवाओं और परिवारों के लिए 'संडे रन एंड राइड' साइकिलिंग, ज़ुम्बा और विभिन्न गेम ज़ोन की गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए फिट इंडिया द्वारा जल्द ही आधिकारिक रजिस्ट्रेशन लिंक जारी किया जाएगा।
नशा मुक्त भारत अभियान का सिल्वर जुबली वर्ष यह आयोजन डॉ. सुनीता गोदारा द्वारा संचालित 'हेल्थ फिटनेस ट्रस्ट' के नशा मुक्त भारत अभियान के 25वें वर्ष (रजत जयंती) का भी प्रतीक है। डॉ. गोदारा ने वर्ष 2003 में दिल्ली सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) के साथ मिलकर नशीली दवाओं के खिलाफ इस अभियान की शुरुआत की थी। आज यह भारत सरकार का एक प्रमुख फ्लैगशिप कार्यक्रम बन चुका है।
स्वस्थ और नशा मुक्त भारत का संकल्प कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. सुनीता गोदारा ने कहा, यह आयोजन स्वतंत्रता, स्वस्थ भारत और नशा मुक्त भारत की भावना को समर्पित है। हमारा उद्देश्य 'फिटनेस की खुराक, एक घंटा रोज़' के संदेश को घर-घर पहुँचाना और युवाओं को नशे के बजाय फिटनेस को चुनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपने दोस्तों और परिवार के साथ JLN स्टेडियम पहुँचकर 'हर कदम फिटनेस' का हिस्सा बनने की अपील की है।