भागता भारत’ ने जगाई युवाओं में नई उड़ान, पूर्व सैनिक जयसिंह धानका के नेतृत्व में दौड़ेगा गांव का युवा
Pratham Jhalak News
••6 व्यूज़•3 मिनट पढ़ें
सेना भर्ती की तैयारी को मिला नया मंच
प्रथम झलक | रोहताश विराट नगर विधानसभा क्षेत्र के टोडा ब्राह्मण स्थित परशुराम चौक आर्मी ग्राउंड में ‘भागता भारत’ दौड़ प्रतियोगिता का शानदार आयोजन हुआ। इस आयोजन ने ग्रामीण युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा, जोश और देशसेवा के जज्बे को एक मजबूत मंच दिया। प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लेकर अपनी शारीरिक क्षमता और दौड़ प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना और पैरामिलिट्री भर्ती के लिए बेहतर शारीरिक तैयारी के प्रति प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता में युवाओं का उत्साह देखते ही बना और मैदान पर हर कदम के साथ युवाओं के भीतर देशसेवा का जुनून नजर आया। भागता भारत’ की इस मुहिम का नेतृत्व पूर्व सैनिक एवं बसपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी जयसिंह धानका के सानिध्य में किया गया। सेना में सेवा दे चुके जयसिंह धानका ने युवाओं को खेल और शारीरिक फिटनेस से जोड़ने की दिशा में इस आयोजन को महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि गांवों के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की है। प्रतियोगिता की 400 मीटर स्पर्धा में बहादुरपुर के मुकेश सिंह शेखावत ने प्रथम स्थान हासिल किया। बहादुरपुर के दीपेंद्र राठौर दूसरे और सर्वेश भड़ाना तीसरे स्थान पर रहे। वहीं 800 मीटर स्पर्धा में बहादुरपुर के रोहित शेखावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टोडा ब्राह्मण के सरधना निवासी हेमराज दूसरे तथा अमित बागावास तीसरे स्थान पर रहे। सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं के साथ-साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया, ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत जारी रखें। दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया गया। आयोजन को सफल बनाने में जुड़े सभी सहयोगियों और अतिथियों का भी योगदान रहा। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक मनोज लांबोरिया ने मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर जयसिंह धानका ने सभी विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत और अनुशासित युवा ही देश का मजबूत भविष्य तैयार कर सकते हैं। भागता भारत’ सिर्फ एक दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं को फिटनेस, खेल और देशसेवा की दिशा में आगे बढ़ाने की एक पहल के रूप में सामने आया है। टोडा ब्राह्मण के आर्मी ग्राउंड से उठी युवाओं की यह दौड़ आने वाले समय में कितने युवाओं को सेना और पैरामिलिट्री की वर्दी तक पहुंचाती है, यह देखने वाली बात होगी।